सिद्धू मूसेवाला की रेकी करने वाला गिरफ्तार

बदमाश केकड़ा गिरफ्तार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र के 8 शूटर्स की भी पहचान; सभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस ने 8 शार्प शूटर्स की पहचान कर ली है। ये पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। सभी शार्प शूटर्स गैंगस्टर लॉरेंस गैंग के हैं। पंजाब पुलिस को शक है कि इन्हीं ने 29 मई को मानसा में पंजाबी सिंगर की गोली मारकर हत्या की थी।

इस बीच, पंजाब पुलिस ने मानसा से केकड़ा नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। इसी ने फैन बनकर मूसेवाला की रेकी की थी। उसने ही शार्प शूटर्स को मूसेवाला की मूवमेंट की खबर दी थी। इधर, बाकी शूटर्स की पहचान होने के बाद अब इन 4 राज्यों की पुलिस इनकी तलाश में जुट गई है। इन्हें हथियार और गाड़ियां देने वाले, हत्या से पहले रुकने के लिए इन्हें ठिकाना उपलब्ध कराने वालों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

फैन बनकर की गई थी मूसेवाला की रेकी

 पंजाब पुलिस ने रेकी करने वाले जिस केकड़ा नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, वह सिरसा के कालियांवाली का रहने वाला है। वह अपने एक दोस्त के साथ फैन बनकर मूसेवाला के घर गया था। उसने वहां चाय पी और बाद सेल्फी भी ली। केकड़ा ने ही हत्यारों को बताया कि मूसेवाला थार जीप में जा रहे हैं। वे गनमैन और बुलेट प्रूफ फॉर्च्यूनर भी नहीं लेकर गए हैं। इसके बाद थोड़ी दूरी पर पहुंचते ही मूसेवाला की हत्या कर दी गई।

मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड सचिन बिश्नोई

पंजाब पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड सचिन बिश्नोई को माना है। पुलिस का कहना है कि मूसेवाला की हत्या की पूरी साजिश सचिन ने ही रची। उसी ने शार्प शूटर्स हायर कर मूसेवाला के हत्याकांड को अंजाम दिया। सचिन तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस का भांजा है। उसने एक टीवी चैनल को कॉल कर हत्या की बात कबूली थी। सचिन ने कहा था कि मैंने खुद मूसेवाला को गोलियां मारी। उसका नाम लॉरेंस के करीबी विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में सामने आया था। मिड्‌डूखेड़ा का मोहाली में कत्ल हुआ था। पुलिस ने उसकी आवाज की जांच भी की थी, जिसमें उसकी पुष्टि हुई कि वह सचिन बिश्नोई ही था।

पुलिस ने बनाई 10 शार्प शूटर्स की हिटलिस्ट

पंजाब पुलिस ने कुल 10 शार्प शूटर्स की हिटलिस्ट तैयार की है। इनमें शिनाख्त वाले 8 शार्प शूटर्स के अलावा 2 और गैंगस्टर शामिल हैं। इनकी भी पहचान हो चुकी है, लेकिन इसे गुप्त रखा गया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *