गाय के मुंह में हुआ विस्फोट! निकली थी संदिग्ध वस्तु। उड़ा जबड़ा।

वीरवार को हरियाणा के सिरसा के गांव लखुआना में एक गाय संदिग्ध वस्तु निगल गई जिससे विस्फोट होने से उसका जबड़ा फट गया। लोगों ने विस्फोट की आवाज सुनी तो अचंभित रह गए। ग्रामीण सतपाल ने इस संबंध में सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पास 18 गाय हैं। वह गाय चराने के लिए नहर के समीप जंगलात में लेकर गया हुआ था। शाम करीब 3:00 बजे जोरदार धमाका हुआ। उसने पलट कर देखा तो घना धुआं दिखाई दिया। एक गाय गिरी पड़ी थी।

गाय का पूरा जबड़ा अंदर तक फटा हुआ था। मांस के चिथड़े जमीन पर बिखरे पड़े थे। धमाका सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान इकट्ठा हो गए। वे उपचार के लिए गाय को डबवाली गौशाला में ले आए। सतपाल ने मामले की उचित जांच कराने की मांग की है।

इस पर सदर थाना प्रभारी उप निरीक्षक देवीलाल ने कहा कि वह मौके पर गए थे और फिलहाल विस्फोटक संबंधी कोई साक्ष्य नहीं मिला है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जंगली सूअर के लिए शिकारी उनका शिकार करने के लिए विस्फोटक रख देते हैं। हो सकता है कि गाय ने उसे खा लिया हो। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *