ट्रक की टक्कर से छह साल के मासूम की मौत, पिता, मां व बहन घायल

सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर सोमवार शाम त्रिवेणी चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर सवार एक छह वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में बच्चे के पिता, मां व बहन घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां मृतक के पिता की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहीं मृतक बच्चे की मां व बहन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।सूचना मिलने पर थाना रादौर प्रभारी सुरेश कुमार पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार गांव दोहली निवासी रोहित अपनी ससुराल कुरुक्षेत्र के गांव राहड़ा में गया था। सोमवार शाम को वह अपनी ससुराल से बाइक पर अपनी पत्नी प्रियंका, बेटे रिहान व बेटी राधिका के साथ वापस अपने गांव दोहली लेकर लौट रहा था। सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर जब वह रादौर के त्रिवेणी चौक के पास पहुंचा तो तेज गति से आ रहे ट्रक चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार चारों सड़क पर गिर गए। हादसे में बाइक पर सवार छह वर्षीय रिहान की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में मृतक बच्चे रिहान के पिता रोहित, मां प्रियंका व बहन राधिका भी घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल रादौर ले जाया गया। यहां रोहित की गंभीर हालत होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। जबकि प्रियंका व राधिका को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई घायल रोहित गांव में मेहनत मजदूरी का काम करके अपने परिवार का गुजारा चलाता है। सड़क दुर्घटना में आंखों के सामने हुई बेटे की मौत से मां सदमे में है। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक छह वर्षीय बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद सहारनपुर कुरुक्षेत्र रोड पर दोनों ओर जाम लग गया। जाम लगने से मार्ग पर लंबी लंबी वाहनों की कतारे लग गई।
रादौर थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया दिया है। मंगलवार को उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *