शहर में अब नहीं रहेगी कूड़े के ढेरों की समस्या,  निगम ने मंगवाई 100 ट्राई साइकिल रेहड़ियां।
डिप्टी मेयर ने हरी झंडी दिखाकर ट्राई साइकिल रेहड़ियों को किया रवाना।

यमुनानगर। टिवनसिटी में अब कचरा उठान की समस्या नहीं रहेगी। निगम के हर वार्ड में डोर-टू-डोर कचरे के उठान के निपटान के लिए नगर निगम ने सौ ट्राई साइकिल रेहड़ियां मंगवाई है। सफाई कर्मचारी अब ट्राई साइकिल से गलियों से निकलने वाले कचरे का उठान करते नजर आएंगे। शहर में कचरा उठान के लिए सोमवार सुबह नगर निगम मेयर मदन चौहान, वरिष्ठ उपमहापौर प्रवीण शर्मा उप महापौर रानी कालड़ा व उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा ने हरी झंडी देकर ट्राई साइकिल रेहड़ियों को निगम स्टोर से रवाना किया। इनके साथ सेनिटेशन कमेटी के सदस्य वार्ड नंबर 11 से पार्षद संकेत प्रकाश, वार्ड नंबर 21 से पार्षद अभिषेक मोदगिल, वार्ड नंबर 22 से पार्षद सविता कांबोज के पति अनिल कांबोज, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चौपड़ा, सफाई निरीक्षक अमित कांबोज साथ रहे। इस दौरान मेयर चौहान ने खुद ट्राई साइकिल रेहड़ी चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। 

मेयर मदन चौहान ने बताया कि निगम के सभी वार्डों में इन ट्राई साइकिल रेहड़ियों को कचरा उठान के लिए लगाया गया है। ट्राई साइकिल रेहड़ियाें में टिपर की तरह गीला व सूखा कचरा डालने की अलग-अलग व्यवस्था होगी। कर्मचारी गीला कचरा एक हिस्से में डालेगा और सूखा दूसरे हिस्से में। उसके बाद कचरा एमआरएफ (मेटिरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर पर पहुंचाया जाएगा। गीले कचरे से खाद तैयार होगी जबकि, ठोस कचरे की छंटाई कर निस्तारण होगा। सफाई कर्मचारियों को ट्राई साइकिल मिलने से सड़कों-गलियों व नाले-नालियों में सफाई के साथ ही कचरे का उठान भी हो सकेगा। जिन तंग गलियों व रास्तों में ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा उठान के लिए नहीं जा पाती हैं, वहां से इन ट्राई साइकिल रेहड़ियां से कचरे का उठान किया जाएगा।  नगर निगम मेयर मदन चौहान ने बताया कि शहर की स्वच्छता को लेकर नगर निगम से एक और कदम आगे बढ़ाया है। कचरा उठान की समस्या से निपटान के लिए पहली खेप के अंदर सौ रेहड़ियां मंगवाई गई है। यदि जरूरत पड़ी तो और रेहड़ियां मंगवाई जाएगी। हमारा शहर स्वच्छता में नंबर वन आए। इसके लिए हमारे सभी अधिकारी, कर्मचारी व सेनिटेशन कमेटी प्रयासरत है। जल्द ही हमारा शहर सुंदर, स्वच्छ व स्मार्ट बनेगा। मौके पर सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, फूल सिंह, सचिन कांबोज, कृष्ण कुमार, सुमित बेंस आदि मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *