प्लाॅट बेचने का झांसा देकर शादीपुर खजूरी रोड निवासी राजेंद्र कुमार से पांच लाख रुपए ठगने के आरोपी नवीन कुमार काे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, शादीपुर खजूरी रोड निवासी राजेंद्र कुमार के बेटे साहिल की गांव के ही मानव के साथ दोस्ती थी। एक दिन मानव ने राजेंद्र से कहा कि वह अपना प्लाॅट बेचना चाहता है। उसने अपने पिता नवीन कुमार से भी उसकी बात कराई। नवीन कुमार ने राजेंद्र कुमार को बताया कि वह इस प्लाट का मालिक है।
वर्ष 2018 में उसे खरीदा था। इस प्लाॅट का सौदा पांच लाख रुपये में तय किया गया। सौदा तय होने पर पांच लाख रुपए में से तीन लाख रुपए चेक के माध्यम से नवीन कुमार को दे दिए। जबकि दो लाख रुपए उसे नकद दिए। इकरारनामा में तय किया गया कि जब भी राजेंद्र कहेगा। प्लाट का रजिस्ट्री उसके नाम कर दी जाएगी। आरोप है कि बाद में नवीन व उसका बेटा मानव रजिस्ट्री करवाने में टाल मटोल करने लगे। उनका दिया चेक भी वापस कर दिया और तीन लाख रुपए नकद मांगे। राजेंद्र ने उन्हें तीन लाख रुपए नकद दिए। इसके बाद भी वह टाल मटोल करता रहा। बाद में पता लगा कि आरोपी ने यह प्लाॅट पहले ही किसी मूर्ति देवी को बेच दिया गया। अब वह उस प्लॉट का मालिक भी नहीं है। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी थी।11 नवंबर को शहर यमुनानगर पुलिस ने केस दर्ज किया था।