हरियाणा के करनाल स्थित इंद्री में विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के ससुराल वालों ने क्रेटा गाड़ी की डिमांड रखी। गाड़ी न मिलने पर दहेज के लोभियों ने विवाहिता के साथ मारपीट तक की। विवाहिता ने अपने जेठ पर भी बुरी नजर रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता की शादी करीब डेढ़ साल पहले बदरपुर के नितिन कुमार के साथ हुई थी। इनकी एक चार माह की बच्ची भी है। कीर्ति MMC व सी टेट पास है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी पर उसके पिता ने करीब 30 लाख रुपए खर्च किए थे और अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, लेकिन दहेज के लालचियों को यह दहेज भी रास नहीं आया। उन्होंने अपने मायके से क्रेटा गाड़ी लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं पति ने अपने बिजनेस के लिए 10 लाख रुपए मायके से लाकर देने की मांग की। इसके साथ ही चेतावनी भी दी कि अगर पैसे नहीं लाई तो जान से मार देंगे। आरोप है कि आरोपियों ने पहले भी उसे जान से मारने का प्रयास किया है।
जेठ करता है छेड़छाड़, पति को बताया तो कि मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ उस पर बहुत ही गंदी नजर रखता है। जब भी वह घर पर अकेली होती थी तो उसका जेठ उसके साथ छेड़छाड़ करता था। जब उसने इस छेड़छाड़ के बारे में अपने पति को बताया तो पति ने जेठ को कुछ भी कहने की अपेक्षा उसके साथ ही मारपीट की।
बेटी हुई तो ताने मारने का चला सिलसिला
विवाहिता ने बताया कि बीती 29 मार्च को उसने एक बेटी को जन्म दिया था, लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। वे बार-बार एक ही ताना मारते कि उन्हें वंश चलाने के लिए बेटा चाहिए था। बार-बार कोसते रहते। बेटी के जन्म के बाद ही उसको भूखा रखा गया और ध्यान भी नहीं दिया। सास और जेठानी ही मेरे पति को भड़काती थी और मारपीट करने के लिए उकसाती थीं।
मुंह पर तकिया ढंककर मौत के घाट उतारने की कोशिश
पीड़िता ने पति पर हत्या का प्रयास व मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया है कि बीती 16 अगस्त को उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और तकिया मुंह पर ढंककर उसे मारने की कोशिश की। सास और जेठानी ने उसे बचाने की बजाय नितिन को और भी ज्यादा भड़काया।
पीड़िता ने बताया कि उसने अपने पिता को पूरी घटना के बारे में बताया। जिसके बाद उसका पिता, चाचा व भाई उसके ससुराल पहुंच गए, लेकिन ससुराल वालों ने उनके मायके वालों के साथ मारपीट की। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्होंने नजदीक सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया और मामले की शिकायत पुलिस को की। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।